गंगा का जलस्तर लगातार घटा, बैराज पर 113.39 मीटर पहुंचा

कानपुर, 24 सितंबर । गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है। गुरुवार को कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.39 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी स्तर 114 मीटर से 61 सेंटीमीटर नीचे है। बुधवार के मुकाबले जलस्तर में 18 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

कानपुर बैराज के डाउनस्ट्रीम में जलस्तर 112.43 मीटर रहा, जबकि बुधवार को यह 113.12 मीटर था। इस तरह डाउनस्ट्रीम में 69 सेंटीमीटर की कमी आई है। बैराज से 87,777 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। जलस्तर में लगातार कमी आने से फिलहाल गंगा चेतावनी स्तर से नीचे बह रही है।

शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर घटकर 111.12 मीटर पहुंच गया। बुधवार को यहां जलस्तर 112.12 मीटर था। यानी एक दिन में एक मीटर की गिरावट दर्ज हुई है। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर है। जलस्तर घटने से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा भी कम हुआ है।

हरिद्वार बैराज से 47,769 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 21,861 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। प्रशासन की ओर से जलस्तर में होने वाले बदलाव पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.