पंचायत राज चुनाव चौथा चरण: 70.95 प्रतिशत मतदान दर्ज

जयपुर, 14 नवंबर । राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण के तहत शनिवार को 25 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक बांसवाड़ा जिला 82.37 प्रतिशत मतदान के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। वहीं बांसवाड़ा जिले की छाेटी सरवा पंचायत समिति में सर्वाधिक 89.03 प्रतिशत वोटिंग हुई। मतदान के दौरान कई क्षेत्रों में मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला, लेकिन कुछ स्थानों पर ईवीएम में खराबी, मतदान बहिष्कार और विवाद की घटनाएं भी सामने आईं। इस दौरान जैसलमेर में एक महिला ने मतदान केंद्र के गेट पर बेटे को जन्म दिया, जबकि सलूंबर में टापुओं पर रहने वाले करीब 250 ग्रामीण नाव से झील पार कर वोट डालने पहुंचे। प्रदेश में शाम छह बजे तक 70.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

श्रीगंगानगर जिले की रायसिंहनगर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व विधायक सोना देवी बावरी की खींचिया मतदान केंद्र के बाहर माकपा कार्यकर्ताओं से बहस हो गई। इसी दौरान एक युवती उनका वीडियो बना रही थी। वीडियो बनाते देख पूर्व विधायक नाराज हो गईं और युवती का मोबाइल छीन लिया। उन्होंने युवती से कहा कि उनका वीडियो बनाकर क्या कर लेगी। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। सोना देवी का आरोप था कि मतदाताओं से वोट किसे दिया, यह पूछने वाले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वहां से हटाया तो वे उनके पास आकर गाली-गलौज करने लगे।

जैसलमेर जिले के भणियाणा क्षेत्र के देवलिया नाड़ा मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान एक अनोखा घटनाक्रम सामने आया। मोहनगढ़ से करीब 150 किलोमीटर की दूरी तय कर वोट डालने पहुंची गेरो देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। मौके पर मौजूद महिलाओं की मदद से उन्होंने मतदान केंद्र के गेट पर ही बेटे को जन्म दिया। चार बेटियों के बाद बेटे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल बन गया। वहीं सलूंबर जिले की जयसमंद पंचायत समिति की गामड़ी ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले मिंदोड़ा, बाबा मंगरा और भटवाड़ा टापुओं पर रहने वाले करीब 250 ग्रामीण नाव से जयसमंद झील पार कर मतदान करने पहुंचे।

चुनावी ड्यूटी के दौरान दो कर्मचारियों की हार्टअटैक से मौत हो गई। धौलपुर जिले के सरमथुरा थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल भगवान स्वरूप मीणा की शुक्रवार रात थाना परिसर में बने क्वार्टर में अचानक तबीयत बिगड़ गई।

साथी पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में करौली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना बूंदी जिले की हिंडौली पंचायत समिति के खींया मतदान केंद्र पर हुई, जहां ड्यूटी के दौरान मतदान कर्मचारी बबलू लाल गुर्जर की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। प्राथमिक जानकारी के अनुसार उन्हें पहले भी दिल का दौरा पड़ चुका था।

मतदान के दौरान कई स्थानों पर ईवीएम में खराबी के कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई।

टोंक जिले की निवाई पंचायत समिति के तुरकिया गांव के बूथ नंबर 151 और 152 पर मशीनों में खराबी के कारण सुबह से मतदान शुरू नहीं हो सका। मतदाताओं ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। शुरुआती सूचना में इन बूथों पर मतदान का समय बढ़ाए जाने की बात कही गई, लेकिन शाम के अपडेट में बताया गया कि मतदान निर्धारित समय शाम 6 बजे तक ही कराया गया। सवाई माधोपुर की छारौदा ग्राम पंचायत में ईवीएम खराब होने से एक घंटे से अधिक समय तक मतदान प्रभावित रहा, जबकि बांसवाड़ा के भापोर में मशीन की तकनीकी खराबी के कारण करीब 15 मिनट मतदान रुका।

कुछ स्थानों पर स्थानीय समस्याओं और मांगों को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार भी किया।

भरतपुर जिले की सेवर पंचायत समिति के घसोला गांव के लोगों ने परिसीमन के विरोध में वोट नहीं डाले। ग्रामीणों का कहना था कि पहले उनका गांव बहनेरा ग्राम पंचायत में था, लेकिन अब उसे नगला बरताई में जोड़ दिया गया है, जो गांव से करीब सात किलोमीटर दूर है। जैसलमेर की रणधा ग्राम पंचायत में सोलर प्लांट के लिए निजी कंपनी को जमीन आवंटित करने के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। प्रशासन की समझाइश के बाद वहां मतदान शुरू हुआ।

बारां जिले के मूंडक्या और मूंडकी गांवों के ग्रामीणों ने अंधेरी सिंचाई परियोजना से प्रभावित गांवों का दोबारा सर्वे कराने की मांग को लेकर मतदान से दूरी बनाई। एक अन्य मतदान केंद्र पर ओबीसी वर्ग के लिए सीट आरक्षित किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने वोट नहीं डाले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.