एक साथ गाएंगे 11 हजार लोग वंदे मातरम, साइकिल रैली से एनी बेसेंट कॉलेज पहुंचेगा ज्वाला देवी विद्यालय का दल

प्रयागराज, 23 सितंबर । राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती के अवसर पर 25 सितंबर को छोटा बघाड़ा स्थित एनी बेसेंट बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाले ‘नमामि भारतम’ सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम में करीब 11 हजार लोग एक साथ राष्ट्रगीत का गायन करेंगे। कार्यक्रम में ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस के विद्यार्थी साइकिल रैली के साथ पहुंचेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि यह आयोजन देशप्रेम, अनुशासन और सांस्कृतिक एकता का अनूठा संगम होगा।

विद्यालय में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें सह संगठन मंत्री डॉ. राममनोहर की अध्यक्षता में कार्यक्रम को भव्य और प्रेरणादायी बनाने पर चर्चा हुई। बैठक में ज्वाला देवी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों की साइकिल रैली के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का निर्णय लिया गया।

प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि एनी बेसेंट बालिका इंटर कॉलेज में 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और अन्य लोग शामिल होंगे। करीब 11 हजार लोगों के एक साथ वंदे मातरम् गायन से कार्यक्रम को विशेष स्वरूप मिलेगा।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की साइकिल रैली कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाने के साथ ही समाज में राष्ट्रभक्ति और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देगी। विद्यार्थियों और शिक्षकों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार रैली में शामिल विद्यार्थी अनुशासन के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत के प्रति सम्मान और देश के प्रति एकता व समर्पण की भावना को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.