रक्षाबंधन पर जिला कारागार प्रतापगढ़ में भावनाओं का संगम, 322 बंदियों से मिले 428 परिजन

प्रतापगढ़, 28 अगस्त l उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिला कारागार में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट स्नेह का संगम देखने काे मिला। जिला कारागार प्रशासन ने बंदियों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कारागार के मुख्य द्वार पर अपराध निरोधक समिति, प्रतापगढ़ द्वारा टेंट लगाकर मुलाकाती परिजनों के बैठने, पेयजल एवं जलपान की व्यवस्था की गई। समिति के जिला सचिव सुजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने पूरे समय परिजनों का स्वागत, मार्गदर्शन एवं सहयोग किया। कारागार परिसर के भीतर भी मुलाकात स्थल पर बहनों, माताओं एवं अन्य परिजनों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की गई।

रक्षाबंधन की परंपरा के अनुरूप पूजा की थाली, रोली, अक्षत, रक्षा सूत्र एवं मिष्ठान की व्यवस्था कराई गई। बहनों ने अपने निरुद्ध भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान कई भावुक और मार्मिक दृश्य भी देखने को मिले, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

दोपहर दो बजे तक पांच पाॅलियों में 203 पुरुष एवं पांच महिला बंदियों से मुलाकात कराने की व्यवस्था की गई। इस दौरान 317 महिलाएं, दाे पुरुष तथा 109 बच्चे अपने परिजनों से मिलने कारागार पहुंचे। मुलाकात के दौरान जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी एवं जेलर वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने महिलाओं के साथ आए बच्चों को टॉफी एवं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

पूरे आयोजन के दौरान जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी, जेलर वीरेन्द्र कुमार वर्मा, उपजेलर शारदा देवी, कमलेश कुमार, सुमैया परवीन सहित कारागार के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी की सक्रिय सहभागिता से रक्षाबंधन का पर्व जिला कारागार में सौहार्द, अनुशासन और पारिवारिक भावनाओं के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.