मीरजापुर, : बिना चलाए पानी उगल रहा हैंडपंप, जमीन से भी फूट रही तेज धार

मीरजापुर, 07 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया रेंज की गुर्गी वन चौकी में इन दिनों एक हैंडपंप लोगों के लिए पहेली बना हुआ है। जिसे चलाने की जरूरत नहीं पड़ रही, वह खुद ही लगातार पानी उगल रहा है। इतना ही नहीं, हैंडपंप के ठीक बगल की जमीन से भी तेज धार में पानी निकल रहा है।

यह अनोखा नजारा देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट रही है। लगातार बारिश के बाद गुर्गी वन चौकी परिसर में पानी की यह अजीब स्थिति सामने आई है। सरकारी हैंडपंप से बिना हैंडल चलाए पानी निकलता देखकर लोग पहले तो हैरान रह गए। जब पास ही जमीन से पानी की धार फूटती दिखाई दी तो कौतूहल और बढ़ गया।

गुर्गी निवासी रामअवध मौर्य के मुताबिक, लगातार बारिश से इलाके में भूमिगत जलस्तर काफी ऊपर आ गया है। जमीन के भीतर पानी का दबाव बढ़ने के कारण हैंडपंप से स्वत: पानी निकल रहा है। आसपास की जमीन से भी पानी बाहर आने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले हैंडपंप से इस तरह लगातार पानी निकलते नहीं देखा। चौकी परिसर में पहुंचने वाला हर व्यक्ति कुछ देर रुककर इस नजारे को देख रहा है। किसी के लिए यह बारिश के बाद जलस्तर बढ़ने का असर है तो किसी के लिए कौतूहल का विषय। फिलहाल ‘बिना चलाए पानी देने वाला हैंडपंप’ और जमीन से फूटती पानी की धार इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.