यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड्स 2026 के नामांकन घोषित

देहरादून, 8 अगस्त । यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड्स 2026 के लिए फिल्म और संगीत की विभिन्न श्रेणियों में नामांकन की घोषणा शनिवार को की गई। पुरस्कार समारोह 30 अगस्त को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा।

शनिवार को देहरादून में यंग उत्तराखंड संस्था ने प्रेसवार्ता आयोजित कर फिल्म एवं संगीत श्रेणी के नामांकनों की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान संस्था ने पुरस्कार समारोह की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी भी दी।

संस्था के मुख्य प्रवक्ता चंद्रकांत नेगी ने कहा कि पुरस्कारों का उद्देश्य उत्तराखंड की क्षेत्रीय फिल्मों और संगीत से जुड़े कलाकारों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना तथा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।

संस्था के अनुसार इस वर्ष वरिष्ठ अभिनेता विमल बहुगुणा को ‘यंग उत्तराखंड लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’और लोकगायक एवं जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण को ‘गोपाल बाबू गोस्वामी लिजेंड्री सिंगर अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।

फिल्म श्रेणी में ‘खोली का गणेश’,‘रैबार’,‘घपरोल’,‘द्वी होला जब साथ’,‘निखण्यां जोग’ और ‘बौल्या काका’ सहित विभिन्न फिल्मों को अलग-अलग श्रेणियों में नामांकन मिला है। संगीत श्रेणी में नरेंद्र सिंह नेगी, गणेश मतौलिया, प्रीतम भरतवाण सहित कई प्रमुख कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं के नाम शामिल हैं।

संस्था ने बताया कि नामांकन और मूल्यांकन के लिए फिल्म, संगीत, पत्रकारिता और संस्कृति क्षेत्र के विशेषज्ञों की ज्यूरी गठित की गई है। सभी श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा 30 अगस्त को पुरस्कार समारोह में की जाएगी। इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ फिल्म के निर्माता को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की जाएगी। यह राशि ‘अभिव्यक्ति की कार्यशाला’ की ओर से दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.