हरिद्वार, 08 अक्टूबर । गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय की ओर से पीएम अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, भौरी में ‘इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में करीब 90 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
यह कार्यक्रम एआईसीटीई एवं भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन डिवीजन की पहल के तहत आयोजित किया गया। इस पहल में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने की जिम्मेदारी समविश्वविद्यालय को समन्वयक संस्था के रूप में दी गई है।
कार्यक्रम में डॉ. सुयश भारद्वाज और डॉ. लोकेश जोशी ने छात्राओं को नवाचार की आवश्यकता और उसके लाभों की जानकारी दी। संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता पैदा करने और उनके भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय के छात्र रमन यादव ने भी अपने अनुभव साझा किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या विनीता और समन्वयक शालिनी के सहयोग से कार्यशाला का संचालन प्रभावी ढंग से हुआ। कार्यक्रम की जिम्मेदारी डीन प्रो. मयंक अग्रवाल ने डॉ. सुयश भारद्वाज को सौंपी है, जिसके तहत विभिन्न विद्यालयों में नवाचार एवं उद्यमिता संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने आयोजकों और विशेषज्ञों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता विकसित करने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण हैं। कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने कहा कि विद्यालय स्तर से ही विद्यार्थियों को नवाचार, डिजाइन थिंकिंग और उद्यमिता से जोड़ना राष्ट्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।