उत्तराखंड में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

देहरादून, 23 नवंबर । उत्तराखंड सरकार ने महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं और नीतिगत फैसलों को लागू किया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। महिलाओं के विकास से जुड़ी योजनाओं के लिए चालू वित्त वर्ष में करीब 20 हजार करोड़ रुपये का जेंडर बजट निर्धारित किया गया है।

राज्य सरकार के अनुसार, उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। इसके तहत विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे विषयों में महिलाओं को समान कानूनी अधिकार देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।

महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1.5 लाख रुपये तक अनुदान देने की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव और महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार के मुताबिक, क्लस्टर लेवल फेडरेशन को महिलाओं की व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन के लिए 15.4 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है।

बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित नंदा गौरा योजना के तहत अब तक 3,77,784 बालिकाओं को 1,168.49 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। योजना में बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। वित्त वर्ष 2025-26 में 33,251 बालिकाओं के खातों में 145.93 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।

महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में प्रदेश की मातृ मृत्यु दर 91 दर्ज की गई।

खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए चम्पावत जिले के लोहाघाट में 256 करोड़ रुपये की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाया जा रहा है। वहीं, मसूरी में राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के भवन अनुरक्षण के लिए 67.42 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण देने के लिए ड्रोन सखी पहल भी संचालित की जा रही है।

सरकार ने पिछले वर्ष की तुलना में जेंडर बजट में 16 प्रतिशत से अधिक वृद्धि की है। इसके तहत महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और रोजगार से संबंधित योजनाओं के लिए करीब 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने के केंद्र सरकार के प्रयासों का समर्थन किया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल और निर्णय प्रक्रिया में समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर राज्य के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.