जींद : पराली पर प्रशासन की पैनी नजर, पैलेट प्लांट से खेतों तक पहुंची संयुक्त टीम

जींद, 08 अक्टूबर । पराली प्रबंधन और वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर कृषि विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने निगरानी तेज कर दी है। दोनों विभागों की संयुक्त टीमों ने जुलाना क्षेत्र के गांव अनूपगढ़ और किलाजफरगढ़ का निरीक्षण कर खेतों में फसल अवशेषों की स्थिति, पराली के उठान और उसके उचित प्रबंधन का जायजा लिया। इस दौरान अनूपगढ़ स्थित एनसीआर क्लीन अर्थ सोल्यूशन पैलेट प्लांट में पहुंच कर पराली से बायोमास पैलेट तैयार करने की प्रक्रिया और पराली के भंडारण की स्थिति की भी जांच की गई।

गुरूवार को जानकारी देते हुए डीडीए कृषि सुखदेव कम्बोज ने बताया कि संयुक्त टीम ने पैलेट प्लांट में उपलब्ध पराली की गांठों के स्टॉक का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पराली के रखरखाव, सुरक्षित भंडारण और प्लांट में इसके उपयोग से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट प्रबंधन को निर्देश दिए कि पराली का भंडारण निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से किया जाए। साथ ही पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कृषि अवशेषों को जलाने के बजाय उनका उपयोग बायोमास के रूप में किया जाना पराली जलाने की घटनाओं को रोकने का प्रभावी माध्यम है।

पैलेट प्लांट के निरीक्षण के बाद टीम ने किलाजफरगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों का दौरा किया। खेतों में मौजूद कृषि अवशेषों की स्थिति, पराली के उठान और किसानों द्वारा किए जा रहे प्रबंधन की जमीनी स्थिति देखी गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखते हुए खेतों से पराली के उठान और उसके उचित प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.