सऊदी अरब के रियाद और आभा एयरपोर्ट पर हूती का हमला, तीन की मौत, 36 घायल

रियाद, 08 अक्टूबर । ईरान समर्थक हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों (एयरपोर्ट) को निशाना बनाया है। आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमले में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए।

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (जीएसीए) ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को दो सऊदी एयरपोर्ट्स पर हूती हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई और 36 अन्य घायल हो गए। जीएसीए के बयान के अनुसार, आभा एयरपोर्ट पर हमले में दो महिलाओं (एक मोरक्कन और दूसरी अल्जीरियाई) की मौत हो गई, जबकि 28 सऊदी नागरिक और विदेशी निवासी घायल हो गए। 6 और 7 अक्टूबर को आभा और किंग खालिद एयरपोर्ट पर हमले किए गए।

आभा एयरपोर्ट हमले में घायल लोगों में सऊदी नागरिकों के साथ-साथ बांग्लादेश और फिलीपींस के दो निवासी भी शामिल हैं। किंग खालिद एयरपोर्ट पर घायल आठ लोगों में पांच सऊदी नागरिक, दो मिस्र के निवासी और एक पाकिस्तानी निवासी शामिल है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इन दो हमलों में संपत्ति का भी नुकसान हुआ, हालांकि जीएसीए ने नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इसके अलावा सऊदी अरब के कुछ शहरों पर हूती हमलों में 13 लोग घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.