नेपाल : बाढ़ के बाद बढ़ा हैजा का खतरा, रसुवा भेजी गईं 21 हजार वैक्सीन डोज

काठमांडू, 06 सितंबर । नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बाद हैजा फैलने के खतरे को देखते हुए रसुवा में हैजा रोधी वैक्सीन की 21 हजार डोज भेजी गई हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सहयोग से प्राप्त इन वैक्सीन को नेपाली सेना के हेलीकॉप्टर से रविवार सुबह रसुवा भेजा गया।

स्वास्थ्य तथा जनसंख्या मंत्री निशा मेहता ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हैजा और अन्य जलजनित बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए दवाएं, वैक्सीन, स्वास्थ्य सामग्री और आवश्यक जनस्वास्थ्य सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री के निर्देश के बाद प्रभावित क्षेत्रों में वैक्सीन और दवाएं भेजने के साथ बीमारी की निगरानी बढ़ाने, सुरक्षित पेयजल एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती का काम शुरू कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि बाढ़ के कारण पेयजल स्रोतों और वितरण प्रणालियों को नुकसान पहुंचा है। इससे हैजा समेत अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में बीमारी की रोकथाम, जल्द पहचान और समय पर उपचार की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।

————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.