दिवंगत शिक्षक पिता के सपने को अर्पित ने किया साकार, बने सेना में लेफ्टिनेंट

पौड़ी गढ़वाल, 06 सितंबर ।पोखड़ा विकासखंड के ग्राम हरकोट मल्ला निवासी अर्पित ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 5 सितंबर को चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) में आयोजित पासिंग आउट परेड में अर्पित को भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन मिला।

अर्पित की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने अपने दिवंगत पिता एवं शिक्षक यशपाल सिंह नेगी ‘जिज्ञासु’ के उस सपने को साकार किया, जिसमें वह अपने बेटे को सेना की वर्दी में देश की सेवा करते देखना चाहते थे। पिता हमेशा अर्पित को शिक्षा, अनुशासन और मेहनत का महत्व समझाते थे। पिता के निधन के बाद उनकी सीख और संस्कार ही अर्पित की ताकत बने रहे। सेना में अधिकारी बनकर अर्पित ने अपने पिता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है।

अर्पित की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, कोटद्वार से हुई। बचपन से ही उनका सपना सेना में अधिकारी बनने का था। लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ उन्होंने कड़ी मेहनत की और चयन के बाद चेन्नई स्थित ओटीए में कठिन सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 5 सितंबर को पासिंग आउट परेड में उन्हें लेफ्टिनेंट के पद पर भारतीय सेना में कमीशन मिला।

पिता के निधन के बाद भी अर्पित ने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी। उनकी माता गृहिणी हैं। मां का आशीर्वाद, परिवार का सहयोग और पिता से मिले संस्कार उनके सफर में निरंतर प्रेरणा बने। अर्पित के सेना में लेफ्टिनेंट बनने की खबर मिलते ही हरकोट मल्ला, पोखड़ा समेत पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों और रिश्तेदारों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अर्पित ने परिवार और गांव का नाम रोशन करने के साथ ही उत्तराखंड की सैन्य परंपरा को भी आगे बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.