दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने जीबी पंत अस्पताल का किया निरीक्षण, दवाओं की उपलब्धता एवं सुविधाओं की समीक्षा की

नई दिल्ली, 23 सितंबर । दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को जीबी पंत अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और अस्पताल के विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की।

दवाओं के स्टोर और फ़ार्मेसी के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह को अस्पताल प्रशासन ने बताया कि लगभग 95-97 फीसदी दवाएं उपलब्ध हैं। इस पर मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने और जरूरी दवाओं की 100 प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजाना बड़ी संख्या में मरीज़ इलाज के लिए अस्पताल में आते हैं और उन्हें संस्थान द्वारा दी जाने वाली सेवाओं और सुविधाओं पर पूरा भरोसा है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि जरूरी दवाओं की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित करके इस भरोसे को और अधिक मजबूत किया जाना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने दवाओं की उपलब्धता का खुद जायजा लेने के लिए फार्मेसी और दवा भंडारण क्षेत्रों में रैंडम स्पॉट चेक किए। निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि अगर किसी खास ब्रांड का स्टॉक उपलब्ध नहीं है, तो उसकी दूसरी कंपनियों की वैकल्पिक ब्रांड की दवाएं उपलब्ध हैं। मंत्री ने डॉक्टरों और फार्मासिस्टों को ऐसे मामलों में बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि डॉक्टर द्वारा लिखी गई कोई खास ब्रांड की दवा उपलब्ध नहीं है, तो मरीजों को उसी सॉल्ट/जेनेरिक कंपोजीशन वाले उपलब्ध विकल्प के बारे में विस्तार से जानकारी दी जानी चाहिए, बशर्ते यह चिकित्सकीय रूप से उचित हो।

अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अलग-अलग वार्डों का भी दौरा किया और इलाज, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की अन्य सुविधाओं के बारे में मरीजों और उनके साथ आए लोगों से खुद बातचीत कर फीडबैक लिया। उन्होंने इस बारे में भी जानकारी हासिल की कि क्या मरीजों को दवाएं समय पर मिल रही है या नहीं और क्या मरीजों को मेडिकल की सेवाएं पाने में कोई परेशानी तो नहीं हो रही है। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों से खुद बातचीत कर मरीज़ों के लिए की जा रही सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दवाओं के स्टॉक के बारे में सतर्क रहने और स्टॉक खत्म होने से पहले समय पर दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.