नोट: दुर्घटना में बरेली जिले के भूत थाना क्षेत्र के मनकापुर निवासी संदीप शर्मा (पुत्र राजकुमार शर्मा) का नाम को बदला गया है।
नैनीताल, 12 नवंबर । उत्तराखंड के नैनीताल जिले के कैंचीधाम क्षेत्र में निगलाट के पास गुरुवार तड़के एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। कार सवार सभी पांच लोग उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी थे। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली में भर्ती कराया गया है।
आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की खैरना पोस्ट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर रेस्क्यू अभियान चलाया। चार घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात के समय हुई। हादसे के दौरान कार (यूपी25ईजे4586) में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में बरेली जिले के भूत थाना क्षेत्र के मनकापुर निवासी संदीप शर्मा (पुत्र राजकुमार शर्मा) की मौत हो गई।
घायलों की पहचान अनुज तिवारी (29), सनी (23), संचित तिवारी (26) और रवि के रूप में हुई है। सभी बरेली जिले के निवासी हैं। चारों को उपचार के लिए भवाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।