जयपुर, 12 नवंबर । शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के नाहरी का नाका स्थित स्वामी बस्ती में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार थार की टक्कर से 40 वर्षीय गणेश स्वामी की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि थार चालक ने पहले पैदल जा रहे गणेश को टक्कर मारी और इसके बाद गाड़ी को पीछे लेकर उन्हें कुचल दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर धरना दिया और आरोपित चालक की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने थार गाड़ी जब्त कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
एडिशनल डीसीपी उत्तर बजरंग सिंह के अनुसार स्वामी बस्ती निवासी गणेश स्वामी गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर के पास पैदल जा रहे थे। वह अपनी बहन ललिता के घर पानी पीने गए थे। वहां से लौटते समय पीछे से आई तेज रफ्तार थार ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि टक्कर लगने के बाद चालक ने गाड़ी रोकने या घायल की मदद करने के बजाय थार को बैक किया और गणेश के ऊपर से चढा दिया। गंभीर चोटें लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद बहन ललिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने बताया कि भाई उनके घर से पानी पीकर निकला ही था कि कुछ ही पलों में यह हादसा हो गया। वह और उनका चचेरा भाई आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे तो गणेश के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। धरने के दौरान ललिता ने आक्रोश जताते हुए कहा, ‘मेरे भाई के हत्यारे की लाश मेरी गोद में दे दो, जैसे मैं अपने भाई की लाश को गोद में लेकर बैठी हूं।’ परिजनों ने घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे जानबूझकर की गई हत्या बताया।
वहीं गणेश के परिवार की कहानी भी बेहद मार्मिक है। उनके चाचा वेदप्रकाश सोलंकी ने बताया कि गणेश से पहले परिवार में 18 बच्चे जन्मे थे, लेकिन उनमें से कोई जीवित नहीं बचा। गणेश के जन्म पर परिवार ने खुशियां मनाई थीं। गणेश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी आशा (39), बेटा सन्नी (15) और बेटी मोनिका (12) हैं। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एडीशनल डीसीपी उत्तर ने बताया कि हादसे में गणेश स्वामी की मौत हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी जब्त कर ली है। बंधा बस्ती निवासी शाहरुख और अरशद को डिटेन किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं हालात को देखते हुए पांच थानों का पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस अधिकारी धरने पर बैठे परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाइश देते रहे तथा कार्रवाई का भरोसा दिलाया। देर शाम करीब 7:15 बजे धरना समाप्त हुआ।