एक बार फिर योगी के UP में दलित किशोरी इज़्ज़त तार तार

डिप्टी सीएम उत्तर प्रदेश केशव प्रसाद मौर्य के गृह जनपद कौशांबी में दलित नाबालिग़ युवती का गैंगरेप

मुकेश यादव

 

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के सराय अकिल क्षेत्र में एक दलित किशोरी से साथ सामूहिक दुराचार और इस घटना का वीडियो बनाने का कथित मामला सामने आया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर नारेबाजी की । इसके बाद मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एक दारोगा समेत दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

इसी बीच नाबालिग दलित किशोरी के साथ गैंगरेप करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस मुठभेड़ में गैंगरेप के मुख्य आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है. किशोरी के साथ गैंगरेप की वीडियो भी आरोपियों ने बनाकर वायरल किया था. दुराचार का वीडियो वायरल हो जाने के बाद आरोपियों की तलाश काफी तेज हो गई थी.

जिला पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने बताया कि सराय अकिल थाना क्षेत्र के एक गांव की करीब 16 साल की एक दलित किशोरी पड़ोस के ही गांव में घास काटने गयी थी। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे समुदाय के तीन युवक उसे जबरन सुनसान इलाके में ले गये और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया और साथ ही वारदात का वीडियो भी बना लिया।

उन्होंने बताया कि किशोरी की चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।

घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिये भेजा गया है। सूत्रों के मुताबिक इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस पर भी पीड़ित पक्ष से बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर पुलिस के ख़िलाफ़ नारेबाजी की।

पुलिस अधीक्षक गुप्ता ने बताया कि इस मामले में उप निरीक्षक दीपक गुप्ता और एक हेड कांस्टेबल को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है। उन पर पीड़ित पक्ष से बदसुलूकी करने का आरोप था ।

इसके अलावा थानाध्यक्ष मनीष पाण्डे की भी जांच का आदेश मंझनपुर के क्षेत्राधिकारी सच्चिदानंद पाठक को दिया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (प्रयागराज) सुजीत पाण्डे ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिये पांच टीमें गठित करने के निर्देश दे दिये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.