सक्रिय राजनीति में लौटने के बाद पहली विदेश यात्रा पर जाएंगी पूर्व राष्ट्रपति भंडारी

काठमांडू, 21 अक्टूबर । नेपाल की पूर्व राष्ट्रपति एवं नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) यानी सीपीएन-यूएमएल की वरिष्ठ नेता विद्या देवी भंडारी गुरुवार को चीन के दौरे पर जाएंगी। पार्टी की वरिष्ठ नेता के रूप में सक्रिय राजनीति में लौटने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी।

भंडारी के निजी सचिव राज कुमार राई के अनुसार भंडारी 23 से 25 अक्टूबर तक चीन के हेबेई प्रांत के शियोंगआन में होने वाले ग्लोबल गवर्नेंस फोरम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधन देने के लिए चीन जा रही हैं। चाइनीज पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन अफेयर्स (सीपीआईएफए) की ओर से आयोजित इस फोरम में दुनिया भर के राजनीतिक, कूटनीतिक, व्यावसायिक और मीडिया जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

सीपीआईएफए की ओर से पिछले शुक्रवार को दी गई जानकारी के अनुसार ग्लोबल साउथ, यूरोप और अमेरिका सहित करीब 100 देशों के प्रतिनिधियों ने फोरम में भाग लेने की पुष्टि की है। फोरम में बदलती वैश्विक व्यवस्था के बीच अंतरराष्ट्रीय सहयोग, वैश्विक शासन प्रणाली में सुधार, साइबर स्पेस और अंतरिक्ष के शासन से जुड़ी चुनौतियों तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सुरक्षित उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.