बीकानेर में बांग्लादेशी महिला हिरासत में, अवैध रूप से रहने की जांच शुरू

बीकानेर, 28 अगस्त । भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मिलिट्री इंटेलिजेंस (एमआई) और सीआईडी बीकानेर जोन की संयुक्त टीम ने बीकानेर में एक बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया है। करीब आठ महीने से भारत में रह रही महिला के पास बांग्लादेश से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला भारत में किस रास्ते से दाखिल हुई थी और उसके पास पासपोर्ट तथा वीजा जैसे वैध यात्रा दस्तावेज थे या नहीं। बांग्लादेश में उसके बताए गए पते पर भी उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

मिलिट्री इंटेलिजेंस (एमआई) और सीआईडी बीकानेर जोन की संयुक्त टीम ने महिला को अशोक नगर क्षेत्र में तुलसी धारणिया स्कूल के पास स्थित एक डेरे से गुरुवार को हिरासत में लिया गया। उसने अपना नाम नीला (27) पत्नी सैफुमुल्ला और बांग्लादेश के जोरशेर, पोस्ट ऑफिस सालदांगा निवासी बताया है। महिला को जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस की निगरानी में रखा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है। वह किसी गिरोह या नेटवर्क के संपर्क में थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और संभावित बैंक खातों से संबंधित जानकारी की पड़ताल कर रही हैं। पिछले आठ महीनों के दौरान उसके संपर्क में रहे लोगों, आर्थिक सहयोग और बीकानेर में उसे शरण देने वालों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला विदेशी नागरिक के अवैध रूप से रहने और सुरक्षा एजेंसियों से जुड़ा होने का है। सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मामले की जांच कर रहे हैं। बीकानेर के सीमावर्ती क्षेत्रों बज्जू, खाजूवाला और पूगल में सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी जारी है। सीमा पार से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, सोशल मीडिया नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.