असामाजिक तत्वों के मुद्दे पर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे राहुल गांधी : नितिन नवीन

वाराणसी, 07 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में वह असामाजिक तत्वों के मुद्दे पर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी के इस मकसद को पूरा नहीं होने देगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुजरात के वडनगर से वाराणसी पहुंचे ‘सेवा यात्रियों’ के अभिनंदन कार्यक्रम के बाद जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि विपक्ष जिन घुसपैठियों को हक दिलाने की बात कर रहा है, भारत की जनता उन्हें कभी हक नहीं देने देगी। अगर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाते हैं और इसे लेकर लोकतंत्र पर सवाल उठाए जाते हैं, तो सवाल विपक्ष पर ही उठता है। सवाल उठता है कि वे किसकी लड़ाई लड़ रहे हैं? उन्होंने कहा कि इस अराजकतावादी सोच का जवाब देश की जनता देगी।

जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इतिहास का निर्माता बताते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जो इतिहास के पन्नों को पलटने की क्षमता रखता है वही इतिहास का निर्माण कर सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों के दर्द को समझा और 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम कर इतिहास रच दिया।

नितिन नवीन ने कहा कि पहले इस देश में लोग गरीबी हटाने की बात करते थे, लेकिन गरीबों को ही कमजोर किया जाता था। वर्ष 2014 में जब नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री का पद संभाला, तब पूरे देश में निराशा का माहौल था। देश का युवा नाउम्मीद नजरों से भविष्य की ओर देख रहा था। प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले देश में आशा और विश्वास पैदा किया। यही वजह है कि आज देश का युवा भारत को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि जब हम पिछले 25 वर्षों की यात्रा को देखते हैं तो गुजरात के कच्छ में आए भूकंप के बाद मलबे से उठी आवाज को नरेन्द्र मोदी ने जनभावना की आवाज के रूप में समझा। उन्होंने गुजरात मॉडल को पूरी दुनिया के सामने पहचान दिलाने का काम किया। आज 12 वर्षों में युवा जॉब गिवर्स बन रहा है। एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपना प्रधानमंत्री मोदी ने साकार किया। अंत्योदय के सपने को भी साकार किया। 20 वर्ष की प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा पर नजर डालते हैं तो सेवा और समर्पण दिखता है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिचौलियों को खत्म करने का काम किया है। दिल्ली से भेजा गया एक-एक रुपया अब सीधे गरीबों के खाते में पहुंचता है। उन्होंने कहा कि मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें पार्टी ने जनता के सामने नेतृत्व के लिए घोषित किया और जनता ने जनादेश देकर उन्हें दिल्ली के लालकिले तक पहुंचाया।

वाराणसी में अपनी पहली जनसभा में उन्होंने प्रदेश सरकार के कार्यो की सराहना कर कहा कि आज उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के जो काम हो रहे हैं, उनमें प्रधानमंत्री मोदी का विजन सर्वोपरि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.