सेवा ज्योति यात्रा से गूंजा ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ का संदेश

हरिद्वार, 07 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को रुड़की स्थित बीएसएम कॉलेज के मैदान में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने सुना।

कार्यक्रम में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, रुड़की की मेयर डॉ. मधु सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा और बैडमिंटन खिलाड़ी भारत भूषण गुप्ता समेत अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। उपस्थित लोगों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी प्रयासों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।

सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में गरीब, वंचित, किसान, महिला और युवा समेत विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं और पहल शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को गति दी जा रही है।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से आसपास के पात्र व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सेवा ज्योति यात्रा भी निकाली गई। यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में विधायक रानीपुर आदेश चौहान, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, आदेश सैनी, नितिन गौतम, शोभाराम प्रजापति, अजीत सिंह, सागर गोयल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार शुभाग्नि सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.