नई दिल्ली, 25 नवंबर । निगमायुक्त संजीव खिरवार ने बुधवार को बाहरी उत्तर क्षेत्र के रोहिणी सेक्टर-23 का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निगमायुक्त ने इलाके में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
संजीव खिरवार ने बाहरी उत्तर क्षेत्र के वार्ड नंबर-27, बेगमपुर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने इलाके में सफाई व्यवस्था की स्थिति दुरुस्त बनाए रखने के आदेश दिए। रोहिणी सेक्टर-32 एवं दीप विहार का भी निरीक्षण किया एवं वहां पर धूल कम करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम दिल्ली को साफ, स्वच्छ एवं हरित शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कार्य करते हुए निगम के वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में जाकर स्वयं निरीक्षण कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान बाहरी उत्तर क्षेत्र के उपायुक्त राघवेंद्र मीणा सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही, संजीव खिरवार ने आज भलस्वा लैंडफिल साइट पर जारी बायो माइनिंग कार्यों का जायजा लिया। निगमायुक्त ने भलस्वा लैंडफिल साइट कचरे के निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया और कहा कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर बचे कूड़े को जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए।
निगमायुक्त ने भलस्वा लैंडफिल साइट पर जमा नए कूड़े के निस्तारण के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर जमा लीगेसी कचरे के निस्तारण के मासिक लक्ष्य हर हाल में पूरे किए जाने चाहिए ताकि लीगेसी कचरे का समय से निस्तारण हो सके। उन्होंने भलस्वा लैंडफिल साइट पर आ रहे नए कूड़े का निस्तारण भी जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता केके शर्मा सहित दिल्ली नगर निगम के उच्च अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।