राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय हॉकी टीम घोषित, ओलंपिक पदक दिलाने वाले मनप्रीत को टीम की कमान

Date:

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत की 18 सदस्यीय सीनियर पुरुष हॉकी टीम की घोषणा हो गई है। कप्तान के रूप में मनप्रीत सिंह की वापसी हुई है, जबकि ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को उप कप्तान बनाया गया है। हॉकी इंडिया ने बर्मिंघम खेलों और 2024 पेरिस ओलंपिक के क्वालीफायर हांगझोउ एशियाई खेलों के बीच कम समय के कारण शुरुआत में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए दूसरे दर्जे की टीम भेजने का फैसला किया था।

भारतीय टीम को पूल बी में इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ रखा गया है।

दो बार की पूर्व रजत पदक विजेता भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 31 जुलाई को घाना के खिलाफ करेगी।

पिछले साल तोक्यो ओलंपिक में एतिहासिक कांस्य पदक जीतने के दौरान मनप्रीत ने भारतीय टीम की अगुआई की थी और वह अमित रोहिदास की जगह लेंगे जिन्होंने बेल्जियम और नीदरलैंड के खिलाफ एफआईएच प्रो लीग मुकाबलों में भारत की कप्तानी की। उप कप्तान बनाए गए हरमनप्रीत एफआईएच हॉकी प्रो लीग में सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी रहे।

मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा, ‘‘हमने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए परखी हुई टीम चुनी है। इन खिलाड़ियों को एफआईएच प्रो लीग में काफी दबाव वाले मुकाबलों में शीर्ष टीम के खिलाफ खेलने का अनुभव है जो चार साल में होने वाली प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से पहले अच्छा अनुभव है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘संक्षिप्त ब्रेक के बाद जब हम नीदरलैंड से लौटेंगे जो बेंगलुरू के साइ केंद्र में शिविर बहाल करेंगे और बेल्जियम तथा नीदरलैंड के खिलाफ अपने प्रदर्शन का आकलन करेंगे।

एफआईएच प्रो लीग में भारतीय टीम का हिस्सा रहे गोलकीपर सूरज करकेरा और फारवर्ड शिलानंद लाकड़ा तथा सुखजीत सिंह को टीम में जगह नहीं मिली है। भारत गोल्ड कोस्ट में 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में चौथे स्थान पर रहा था।टीम में अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और चोट के बाद वापसी कर रहे कृष्ण बहादुर पाठक को शामिल किया गया है।

रक्षापंक्ति की जिम्मेदारी वरूण कुमार, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और जरमनप्रीत सिंह पर होगी। मिडफील्ड में मनप्रीत, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह और नीलकांत शर्मा को जगह मिली है।

स्ट्राइकर के रूप में टीम में मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंत सिंह और अभिषेक को शामिल किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

आरएसएस-भाजपा और अमेरिका की दासता की ओर बढ़ता भारत

स्वतंत्रता के बाद भारत की  विदेश नीति गुटनिरपेक्षता के...

वेबवार्ता द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस पर भव्य आयोजन

पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां हैं, जिनका समाधान ज़रूरी:...

शिक्षकों को भूसा इकठ्ठा करने पर क्यों लगाया?

उत्तर प्रदेश का शहर बरैली पिछले कई बरसों से...

Human Rights vs Funding: 558 UP Madrasas Case

Human Right never intersects with financial transactions: understanding law...