जींद : सड़क पर चलती गाड़ी का टायर फटा, वाहन की टक्कर से की मौत

जींद, 08 अगस्त । जम्मू-कटरा हाइवे पर शामदो गांव के पास दिल्ली से पंजाब की तरफ जा रही एक ईको गाड़ी का शुक्रवार रात को टायर फट गया। इससे गाड़ी असंतुलित हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें सवार दिल्ली निवासी पांच महिलाएं व एक किशोर समेत सात लोग घायल हो गए।

सूचना मिलते ही अलेवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। राहगीरों की मदद से घायलों को अलेवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। शनिवार को 16 वर्षीय किशोर वंश व 42 वर्षीय महिला विनिता कौर की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

घायल चालक सरस्वती विहार नई दिल्ली निवासी नीरज ने बताया कि दिल्ली के बलजीत नगर निवासी 16 वर्षीय वंश, महिला विनिता कौर, भजन कौर, चंदा ओबराय, अश्मीत कौर, जसमीत कौर व ओमकार नगर दिल्ली निवासी जसविंद्र कौर को वह इको गाड़ी में लेकर जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे से होते हुए लुधियाना दुख निवारण गुरुद्वारे में माथा टेकने जा रहे थे। अलेवा टोल से कुछ दूरी पर शामदो गांव के समीप अचानक गाड़ी का टायर फट गया। टायर फटने के बाद गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। इससे गाड़ी बेकाबू हो गई।

इसी बीच पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने बाद गाड़ी में सवार सभी सात लोग घायल हो गए। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंच कर गंभीर हालत में घायलों को राहगीरों की मदद से नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया। यहां से इनको पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। 16 वर्षीय किशोर वंश व 42 वर्षीय विनीता कौर की पीजीआई रोहतक में मौत हो गई। अलेवा थाना के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार को पीजीआई रोहतक पहुंच कर घायल दिल्ली निवासी गाड़ी चालक के बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.