सूखे जैसे हालात के बीच फसल खराबे का सर्वे कराने और किसानों को मुआवजा देने की मांग

जयपुर, 03 सितंबर । पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में सूखे जैसे हालात बनने पर चिंता जताते हुए सरकार से समय रहते फसल खराबे का सर्वे कराने और किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।

गहलोत ने कहा कि हनुमानगढ़ से बालोतरा तक कई इलाकों में बारिश की कमी के कारण ग्वार, मूंग, मोठ और बाजरे की खरीफ फसलें झुलस गई हैं। कई जगह फसलें पूरी तरह बर्बाद होने के कगार पर हैं। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों की स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। बारिश की कमी से पशुपालकों के सामने भी चारे का संकट खड़ा होने लगा है।

उन्होंने कहा कि खरीफ फसल खराब होने के बाद किसानों के सामने रबी की बुवाई के लिए बीज, खाद और खेत तैयार करने का संकट रहेगा। ऐसे समय में राजनीति से ऊपर उठकर किसानों के साथ संवेदनशीलता से खड़े होने की जरूरत है।

गहलोत ने सरकार से फसल खराबे का सर्वे, किसानों को मुआवजा, चारा डिपो खोलने और रोजगार की तैयारी तत्काल शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रबी सीजन के लिए किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.