सीआईडी क्राइम ब्रांच ने किया 8,303 लीटर संदिग्ध घी सीज

जयपुर, 20 अक्टूबर । त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने पाली जिले के फालना में बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई कर जादरी रीको क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री से 8,303 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी सीज करवाया गया। मौके से घी के रैपर, उपकरण और मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली है। घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि आमजन को त्योहारों पर शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई की गई। इसी दौरान हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को सूचना मिली कि फालना के जादरी रीको क्षेत्र में स्थित श्री किसान डेयरी एंड फूड प्राइवेट लिमिटेड में अमानक रसायनों से मिलावटी घी तैयार कर सस्ते दामों पर बाजार में बेचा और आपूर्ति किया जा रहा है।

सूचना का सत्यापन करने के बाद सीआईडी क्राइम ब्रांच और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री पर संयुक्त कार्रवाई की। यहां से श्री किसान ब्रांड का 8,303 लीटर संदिग्ध घी बरामद हुआ। इसके साथ घी के रैपर, संबंधित उपकरण और अन्य सामग्री भी मिली। घी प्रथम दृष्टया निर्धारित खाद्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उसे मौके पर ही सीज करवा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मामले में फैक्ट्री मालिक खेताराम माली, निवासी मोडिया बेरा, रणकपुर रोड, सादड़ी, पाली से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.