नैनीताल में उत्साह के साथ निकली मां दुर्गा की शोभायात्रा, कुमाउनी और बंगाली संस्कृति का दिखा संगम

नैनीताल, 20 अक्टूबर । सर्वजनिन दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित 70वें दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतिम दिन मंगलवार को मां नयना की नगरी नैनीताल में मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

मां के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा में कुमाउनी और बंगाली संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। देर शाम नैनी झील के समीप मां दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन हुआ।

मंगलवार सुबह नैना देवी मंदिर में स्थापित दुर्गा मंडप में महादशमी पूजा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। इसके बाद दर्पण विसर्जन और देवी वरण की रस्म हुई। इस दौरान महिलाओं ने सिंदूर खेला में भाग लेकर एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर शुभकामनाएं दीं। दोपहर एक बजे मंदिर परिसर से मां दुर्गा की शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान मांगल गीत गाती और सिंदूर खेलती महिलाएं भक्ति में लीन नजर आईं।

शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान गणेश, उसके बाद मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और भगवान कार्तिकेय की झांकियां रहीं। अंत में मां दुर्गा की विशाल झांकी आकर्षण का केंद्र रही। सैकड़ों श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने झांकी के दर्शन कर मां दुर्गा को शीश नवाया। देवताओं की वेशभूषा और पारंपरिक कुमाउनी परिधान पहने स्कूली बच्चे भी आकर्षण का केंद्र रहे।

शोभायात्रा डीएसए मैदान से शुरू होकर खड़ी बाजार, जयलाल साह बाजार, बड़ा बाजार और चीना बाबा चौराहे से मालरोड होते हुए तल्लीताल पहुंची। इसके बाद देर शाम पाषाण देवी मंदिर के समीप नैनी झील में मां दुर्गा की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.