काठमांडू, 01 सितंबर । नेपाल के नुवाकोट के विदुर नगरपालिका स्थित बेत्रावती गांव में भोटेकोशी नदी की बाढ़ के मलबे में दबे एक घर से 23 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। राहत और बचाव अभियान में शामिल एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, मंगलवार को खोजबीन के दौरान घर के एक कमरे से 21 शव, जबकि बाहर से 2 शव बरामद किए गए।
पिछले बुधवार को भोटेकोशी होते हुए त्रिशूली नदी में आई भीषण बाढ़ ने इस तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया था। पुलिस का अनुमान है कि बाढ़ आने के बाद कुछ लोग तीन मंजिल ऊपर जाकर अपनी जान बचाने की कोशिश की लेकिन वे बाढ़ की चपेट में आ गए। बरामद शवों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि ये तीर्थयात्री हो सकते हैं।
नुवाकोट के एसपी विपिन रेग्मी ने कहा, “एक ही कमरे में 21 और बाहर 2 लोगों के शव मिले हैं। एक शव विदेशी नागरिक का जैसा दिखता है। शवों के साथ बैग भी मिले हैं। संभवतः ये गोसाईंकुंड जाने वाले यात्री हो सकते हैं।”
एस पी रेग्मी के अनुसार, शव छत के ठीक नीचे स्थित कमरे में मिले हैं। एक महिला का शव एक छोटी बच्ची को गोद में जकड़े हुए अवस्था में मिला है। आशंका है कि दोनों मां-बेटी हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि लोग बाढ़ से बचने के लिए भागकर एक जगह इकट्ठा हुए और चपेट में आ गए। घर से निकाले गए 23 शवों में से 8 त्रिशूली अस्पताल ले जाए गए हैं। बाकी शव अभी भी घर की छत पर रखे हुए हैं।