उत्तराखंड के केदारताल एवलांच में लापता हुए दो लोगों के शव बरामद, अभी छह की तलाश जारी

उत्तरकाशी, 03 नवंबर । उत्तराखंड के उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता हुए आठ लोगों की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम को मंगलवार को दो शव बरामद करने में सफलता मिली। एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त टीम ने बर्फ में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव निकाले हैं। हालांकि अभी दोनों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शेष छह लापता लोगों की तलाश जारी है।

आज एसडीआरएफ और निम की संयुक्त टीम ने संभावित स्थान पर फिर से तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान टीम को बर्फ में दबे दो शव दिखाई दिए। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। टीम ने दोपहर करीब तीन बजे तक अभियान चलाया और इसके बाद बेस कैंप लौट आई। अब बुधवार को फिर से तलाशी अभियान चलाया जाएगा।

रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और जरूरत पड़ने पर हवाई सहायता उपलब्ध कराने के लिए घटनास्थल के समीप करीब 4,005 मीटर की ऊंचाई पर वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार किया गया है।

लापता लोगों की सूची में पश्चिम बंगाल के तपस बाउरी,रतन घोष, मनोज खोवास, रिंटू मॉडल और उदय घोष तथा उत्तर प्रदेश की वर्तिका वर्मा और दीपिका वर्मा शामिल हैं। आठवें लापता व्यक्ति सिद्धार्थ राणा उत्तरकाशी के निवासी बताए गए हैं।

गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रैकर्स और पांच सहायक कर्मचारियों सहित कुल 12 सदस्यीय दल केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। इनमें से तीन पोर्टर और एक रसोइये सहित चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि सात ट्रैकर्स और एक गाइड सहित आठ लोग लापता हो गए थे। भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण ये लोग इसकी चपेट में आ गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.