बीकानेर में भाजपा की पदयात्रा, अर्जुनराम मेघवाल बोले- मोदी कहीं नहीं जाएंगे

बीकानेर, 03 नवंबर । भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत मंगलवार को बीकानेर में पदयात्रा निकाली गई। रतन बिहारी पार्क से शुरू हुई पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां जनसभा के साथ इसका समापन हुआ। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ के सहारे देश में नकारात्मकता और अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। मेघवाल ने कहा, “मोदी कहीं नहीं जाएंगे।” उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को जनता स्वीकार नहीं करेगी और इसका जवाब दे रही है।

विशिष्ट अतिथि विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि भाजपा जनहित और देशहित के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है। जिला प्रभारी देवेंद्र पारीक ने भी सभा को संबोधित किया और राष्ट्र प्रथम की भावना पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.