नूंह: इमाम का वेतन बढ़ाने पर हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक का सम्मान

नूंह, 23 नवंबर । हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक एवं पूर्व विधायक जाकिर हुसैन का सोमवार को नूंह जिले के पिनगवां स्थित मदरसा जामिया फातिमा अल जोहरा लिलबनात में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। तंजीम आईमा-ए-औकाफ हरियाणा की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मौलाना असरुद्दीन तेड़ ने की। इस अवसर पर प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों इमाम और उलेमाओं ने पगड़ी बांधकर चौधरी जाकिर हुसैन का स्वागत किया।

मौलाना असरुद्दीन तेड़ ने कहा कि जाकिर हुसैन और वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद शाईन ने इमामों के हितों और बोर्ड के विकास के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। इमामों के वेतन में एकमुश्त पांच हजार रुपये की बढ़ोतरी, सालाना पांच प्रतिशत इंक्रीमेंट, दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को एक्स ग्रेशिया के तहत नौकरी तथा मस्जिदों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता जैसे फैसले महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और वक्फ बोर्ड के अधिकारियों का भी आभार जताया।

जाकिर हुसैन ने सम्मान के लिए सभी उलेमाओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि इमामों और उलेमाओं का सम्मान उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद शाईन के सहयोग से हरियाणा वक्फ बोर्ड लगातार तरक्की कर रहा है। भविष्य में भी मस्जिदों की देखरेख, इमामों के कल्याण और गरीबों की सहायता के लिए कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज, पल्ला के संबंध में कहा कि विद्यार्थियों की मांगों पर काम चल रहा है और कॉलेज की बेहतरी के लिए बोर्ड प्रयासरत है। समारोह में मौलाना असगर हुसैन, हाफिज आरिफ, मौलाना राशिद, कारी जावेद, मौलाना हाशिम सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों इमाम और उलेमा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.