नई दिल्ली, 23 नवंबर । उच्चतम न्यायालय ने लाल किला विस्फोट मामले के आरोपित जासिर बिलाल वानी उर्फ दानिश की ‘डिफॉल्ट जमानत’ याचिका सोमवार को खारिज कर दी। जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली बेंच ने दिल्ली उच्च न्यायालय के 18 अगस्त के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए यह स्पष्ट किया कि बीएनएसएस लागू होने के बावजूद यूएपीए मामलों में जांच की अधिकतम अवधि 180 दिन ही मान्य रहेगी।
आरोपित दानिश की ओर से पेश वरिष्ठ वकील वारिशा फरासत ने दलील दी कि सीआरपीसी की जगह अब बीएनएसएस लागू हो चुका है, जबकि यूएपीए की धारा 43डी(2) में अभी भी पुरानी सीआरपीसी की धारा 167 का ही संदर्भ है। इस तकनीकी आधार पर उन्होंने 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं होने पर डिफॉल्ट जमानत की मांग की थी।
उच्च न्यायालय की जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह की अध्यक्षता वाली बेंच ने 18 अगस्त को इस दलील को खारिज कर दिया था। उच्च न्यायालय ने ‘जनरल क्लॉज एक्ट 1897’ की धारा 8 का हवाला देते हुए कहा था कि यूएपीए में सीआरपीसी की धारा 167 के संदर्भ को अब स्वतः ही बीएनएसएस की धारा 187 के रूप में पढ़ा जाएगा।
उच्चतम न्यायालय ने याचिकाकर्ता के तर्क पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इस व्याख्या को स्वीकार किया गया, तो सीआरपीसी के निरस्त होने के बाद यूएपीए की धारा 43डी निष्प्रभावी हो जाएगी। इसके साथ ही न्यायालय ने विशेष अनुमति याचिका को खारिज कर दिया।
यह मामला 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार बम विस्फोट से जुड़ा है। एनआईए ने दानिश को 17 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था और शुरुआती 90 दिनों की अवधि समाप्त होने से पहले ट्रायल कोर्ट से जांच के लिए अतिरिक्त समय (180 दिनों तक) प्राप्त कर लिया था।