प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को प्रत्याशी मानकर चुनाव में जुटे : अनिल सिंह

प्रयागराज, 09 अक्टूबर । इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को स्वयं को प्रत्याशी मानकर पूरी जिम्मेदारी के साथ चुनाव अभियान में जुटना होगा। मतदाताओं से लगातार संपर्क और संवाद स्थापित कर उन्हें प्रथम वरीयता का मत देने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, मतदान की सही प्रक्रिया की जानकारी देकर अवैध मतों की संख्या कम करने का प्रयास करें। यह बात भाजपा के जिला प्रभारी अनिल सिंह ने शुक्रवार को बारा विधानसभा क्षेत्र के नारीबारी स्थित बाबा वैद्यनाथ धर्मशाला में आयोजित चुनावी योजना बैठक में कही।

उन्होंने कहा कि चुनाव संगठन लड़ता है और प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका इसमें महत्वपूर्ण होती है। इसलिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को विजयी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करें। मतदाता सूची के आधार पर संपर्क अभियान तेज करें और सौंपी गई जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

अनिल सिंह ने कहा कि पिछले चुनाव में बड़ी संख्या में मत अवैध हो गए थे। इस बार मतदाताओं को मतदान की सही प्रक्रिया समझाना जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक मत वैध हों। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रथम वरीयता के मतदान के लिए मतदाताओं से आग्रह करने और चुनाव की तैयारियों में समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि बारा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता जो संकल्प लेते हैं, उसे पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देते हैं। इस चुनाव में बारा के साथ पूरे यमुनापार के कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयास, नियमित जनसंपर्क और प्रत्येक मतदाता तक पहुंचना सफलता का आधार है। पार्टी का लक्ष्य यमुनापार की चारों विधानसभा क्षेत्रों से ऐतिहासिक बढ़त हासिल करना है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी यमुनापार दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि स्नातक निर्वाचन की तैयारियों के लिए बारा के अलावा मेजा, करछना और कोरांव विधानसभा क्षेत्रों में भी संचालन समिति और समन्वय समिति की बैठकें आयोजित की गईं। इनमें चुनावी रणनीति पर चर्चा कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बारा विधानसभा की बैठक में जिला संयोजक राकेश पांडेय ने प्रस्तावना रखी, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा सुभाष सिंह पटेल ने किया। बैठक में विधायक डॉ. वाचस्पति, जिला महामंत्री रत्नाकर सिंह पटेल और प्रदीप पांडेय, जिला उपाध्यक्ष सुधाकर पांडेय, डॉ. देवी सिंह, पुष्पराज सिंह पटेल, अनिल मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी, जिला आईटी प्रमुख सतीश विश्वकर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि छेदीलाल कोटार्य, मंडल अध्यक्ष आशीष पाल, वंदना सिंह, जगत नारायण शुक्ला, अखिलेश सिंह पटेल, शिवराम परिहार, सत्यम शुक्ला, अक्षय विश्वकर्मा, सुधाकर सिंह, वीरेंद्र सिंह और शंकरलाल पांडेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.