नमो बुक फेस्ट : काशी संस्करण में यूथ आइकन भी होंगे शामिल

वाराणसी, 06 अक्टूबर । धर्म नगरी वाराणसी के सांसद व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम कई विश्व कीर्तिमान हैं। एक अनूठा कीर्तिमान यह भी है कि प्रधानमंत्री मोदी समकालीन वैश्विक नेताओं में ऐसे नेता हैं जिनके व्यक्तित्व, जीवन और नीतियों पर सबसे ज्यादा पुस्तकें लिखी गई हैं।

500 से अधिक पुस्तकें विभिन्न भाषाओं में, विभिन्न लेखकों ने उनके जीवन, नेतृत्व, शासन मॉडल और नीतियों पर लिखी हैं। ये पुस्तकें केन्द्र के नरेन्द्र मोदी सरकार की कार्य पद्धति और नीतियों का ब्लू प्रिंट हैं। इसी अनूठे तथ्य को केंद्र में रखकर ऐसी सभी पुस्तकों को एक छत के नीचे लाकर प्रदर्शित करने और प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर युवाओं के बीच संवाद के उद्देश्य से काउंसिल फॉर मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी रिसर्च (सीएमपीपीआर) काशी में दो दिन के नमो बुक फेस्ट – जेन वी फेस्टिवल का आयोजन कर रहा है। मंगलवार को सीएमपीपीआर के पदाधिकारियों के साथ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी।

पदाधिकारियों के अनुसार दिल्ली में आयोजित प्रथम संस्करण अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में हुआ था, जिसमें दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों और लगभग 1000 स्कूलों के हजारों छात्रों ने भाग लिया। 450 से अधिक पुस्तकों को 10 श्रेणियों में प्रदर्शित किया गया। वहीं, जेन-वी कॉन्सेप्ट लॉन्च किया गया था। जेन-वी अर्थात वह जनरेशन जो विकसित भारत का विजन रखती है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अब इस फेस्ट का विशेष आयोजन काशी में करने का निर्णय लिया गया है। 07 अक्टूबर की तारीख इसलिए चुनी गई है, क्योंकि इसी दिन प्रधानमंत्री के संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

बताया गया कि यह दो दिवसीय उत्सव 7 और 8 अक्टूबर को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इस आयोजन में देश-विदेश के लब्ध प्रतिष्ठ लेखक, नीति निर्माता, चिंतक और कई यूथ आइकन शामिल होंगे जिसमें केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह,लेखक अमीश त्रिपाठी, राहुल शिवशंकर, आरजे रौनक, अभिनेत्री सुजैन बर्नर्ट, आदित्य राज कौल, गौतम चिकरमाने और नलिन मेहता आदि शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.