हमारी गौ-माता ऋषि परम्परा और कृषि परम्परा के बीच सेतु का कार्य करती है: योगी आदित्यनाथ

मथुरा, 17 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार काे कहा कि पूज्य रमेश बाबा जी ने समाज को समृद्ध, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत सौंपी है। उनका सम्पूर्ण जीवन लोककल्याण, गौ-सेवा, गौ-रक्षा, गौ-संरक्षण एवं गौ-संवर्धन के लिए समर्पित रहा है। उनके इन संकल्पों की पूर्ति के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। भारत की सनातन संस्कृति ऋषि प्रधान और कृषि प्रधान संस्कृति है। हमारी गौ माता ऋषि परम्परा और कृषि परम्परा के बीच सेतु का कार्य करती है। गाय, बछड़ा, बछिया और बैल सहित सम्पूर्ण गौवंश भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण आधार है।

मुख्यमंत्री पद्मश्री ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा जी के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अपने उद्गार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने पूज्य संत रमेश बाबा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कोटि-कोटि नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और ऋषि परम्परा में गौ माता का विशेष स्थान है। हमारी सनातन परम्परा में गौ माता की महिमा का वर्णन करते हुए कहा गया है ‘गावो विश्वस्य मातरः’ अर्थात् गौ माता सम्पूर्ण विश्व की माता हैं। गौ माता के प्रति हमारी श्रद्धा भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 09-10 वर्ष पूर्व जब उन्हें यहां आने का अवसर मिला था, उस समय यहां की गौशाला में हजारों गायों की देखभाल एवं सेवा की जा रही थी। तब पूज्य रमेश बाबा जी ने विभिन्न परियोजनाओं की चर्चा की थी। आज उन परियोजनाओं को साकार होते देखकर प्रसन्नता हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत दिवस मथुरा में एक कार्यक्रम में आने का अवसर प्राप्त हुआ था। उसी दौरान उन्होंने कार्यक्रम के तत्काल बाद पूज्य रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आने का निश्चय किया था।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 12 इकाइयों वाले निःशुल्क डायलिसिस सुविधा केन्द्र का उद्घाटन किया। पूज्य रमेश बाबा जी के शिष्यों एवं अनुयायियों द्वारा 12 इकाइयों वाले निःशुल्क डायलिसिस सुविधा केन्द्र की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे लोककल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। स्वयं अभाव में रहकर भी अपने जीवन का प्रत्येक क्षण समाज और लोककल्याण के लिए समर्पित कर देना ही संतों की विशेषता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वर्ष पहले यहां केवल सूखी पहाड़ी दिखाई देती थी, आज चारों ओर हरियाली दिखाई दे रही है। इस पवित्र स्थल का दर्शन करके अनुभूति हो रही है कि गोमाता पूरे क्षेत्र को तीर्थ बना देती है। गौ माता की सेवा अपने आप में किसी पूरे क्षेत्र को तीर्थ के रूप में विकसित करने का सामर्थ्य रखती है। श्री माताजी गौशाला ट्रस्ट’ से जुड़ा सम्पूर्ण क्षेत्र आज आध्यात्मिकता, गौ सेवा और हरियाली के कारण विशिष्ट तीर्थस्थल के रूप में दिखाई दे रहा है। इस गोशाला ट्रस्ट से जुड़े क्षेत्र की हरियाली व आध्यात्मिकता को देखकर इसका अंदाजा भी लगाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने पूज्य रमेश बाबा के सभी शिष्यों एवं अनुयायियों का आह्वान किया कि वह उनके संकल्पों को पूरा करने के लिए आगे आएं तथा गौ सेवा, गौ रक्षा एवं गौ संवर्धन के कार्यों को निरन्तर आगे बढ़ाएं। प्रदेश सरकार इन लोक कल्याणकारी एवं सेवा कार्यों में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी। श्रद्धांजलि के दौरान मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी एवं तिजारा के विधायक बालक नाथ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.