उत्तराखंड में 20 से 27 नवंबर तक मतदाता सूची का विशेष सत्यापन अभियान, बीएलओ घर-घर करेंगे जांच

देहरादून, 18 नवंबर । उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए 20 से 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे और नाम, पते तथा अन्य विवरणों में मिली त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया अपनाएंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कराया जा रहा है। अभियान के दौरान एक ही मतदाता का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने जैसी विसंगतियों को भी चिह्नित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटाने और विवरण में संशोधन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके लिए नए मतदाता फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 भर सकते हैं।

पुरुषोत्तम ने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के तहत कोई व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में अथवा एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता। ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों की जांच कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संबंधित बीएलओ के पास फार्म-8 जमा कराएं। वहीं, सूची में नाम दर्ज नहीं होने पर फार्म-6 के माध्यम से आवेदन करें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी के लिए सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। मतदाता 12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालयों, एसडीएम कार्यालयों, तहसीलों और बीएलओ के पास देख सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर भी अपना नाम जांच सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.