वाराणसी, 19 नवंबर । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में देव दीपावली को ऐतिहासिक और अलौकिक बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन की तैयारियां जोर—शोर से चल रही हैं। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी समीक्षा बैठक कर अफसरों से गंगा नदी के दोनों तरफ के घाटों, प्रमुख मार्गों और चौराहों पर की जाने वाली विद्युतीय सजावट और अस्थायी प्रकाश व्यवस्था की कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन कर दिशा निर्देश दिए हैं।
गुरूवार को अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि आदमपुर, कोतवाली, दशाश्वमेध और भेलूपुर जोन के अंतर्गत आने वाले सभी छोटे-बड़े घाटों पर श्रद्धालुओं की सुगमता और प्रकाश व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। नमो घाट, अहिल्याबाई घाट, दशाश्वमेध घाट, मणिकर्णिका घाट और हरिश्चंद्र घाट सहित तमाम घाटों पर एलईडी झालर, फ्लड लाइट, पार लाइट और जनरेटर आदि की अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी विभिन्न वेंडर्स और फर्मों को सौंपी गई है। घाटों के अलावा शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों को भी रोशनी से नहलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत सर्किट हाउस से पुलिस लाइन चौराहा, चौकाघाट, मकबूल आलम रोड और लकड़मंडी से नमो घाट वाया कज्जोखुरा चौराहा तक विशेष प्रकाश व्यवस्था और एलईडी पोल लाइट लगाने का कार्य किया जाएगा। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और वेंडरों को समय रहते उच्च गुणवत्ता के साथ दो दिनों के भीतर कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं, ताकि देव दीपावली पर काशी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उल्लेखनीय है कि 24 नवंबर काे देव दीपावली हाेगी।