गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी का ऐलान-6 महीने में एक लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

गोरखपुर, 16 सितंबर l मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार काे गोरखपुर में लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अगले छह माह के भीतर सरकार एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रही है। 2017 के बाद गोरखपुर और उत्तर प्रदेश में कानून का राज सुनिश्चित कर विकास एवं सुविधाओं की नई श्रृंखला खड़ी की गई है।

मुख्यमंत्री योगी बुधवार को वार्ड नंबर 53, उर्वरक नगर के अंतर्गत जंगल नकहा नंबर-2 में नवनिर्मित कल्याण मंडपम सहित गोरखपुर विकास प्राधिकरण, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और नगर निगम की करीब 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में सुरक्षा का बेहतरीन माहौल बना है। कर्फ्यू, दंगा, अराजकता और अव्यवस्था से मुक्त इस प्रदेश को अब कानून के राज के लिए जाना जाता है। यहां माफिया या तो जेल में है या फिर दूसरे लोक की यात्रा में जा चुका है। यूपी में हर व्यक्ति के लिए सुरक्षा तथा पर्व-त्योहारों के लिए बेहतरीन वातावरण की गारंटी है।

इंसेफेलाइटिस, मच्छर, माफिया को समाप्त कर दिलाई नई पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में यूपी और गोरखपुर में 2017 के बाद से दिख रहे बदलाव का विस्तार से उल्लेख किया। कहा कि इंसेफेलाइटिस, मच्छर व माफिया को समाप्त कर इंफ्रास्ट्रक्चर से गोरखपुर और उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के नकारेपन एवं निकम्मेपन के कारण 2017 के पहले तक हर साल इंसेफेलाइटिस से सैकड़ों मौतें होती थी। तब सपा या कांग्रेस का कोई मंत्री, मुख्यमंत्री गरीबों को देखने बीआरडी मेडिकल कॉलेज नहीं आता था। उन्हें (योगी को) आंदोलन करना पड़ता था। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने 40 वर्ष की बीमारी को दो वर्ष में समाप्त कर दिया। सीएम ने गोरखपुर में बंद पड़े खाद कारखाने के दोबारा चलने, चहुंओर फोरलेन कनेक्टिविटी, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज के निर्माण, रामगढ़ताल के पर्यटन स्थल बनने, बीआरडी मेडिकल कॉलेज की स्थिति शानदार होने के साथ एम्स की सौगात मिलने का जिक्र कर कहा कि आज गोरखपुर की चमचमाती पहचान से हर व्यक्ति गौरव की अनुभूति करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पूर्व गोरखपुर की गंदगी और बीमारी सपा और कांग्रेस सरकारों की गंदी मानसिकता का परिणाम थी।

छह माह में एक लाख युवाओं को नौकरी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में नौजवानों को नौकरी की गारंटी है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने अबतक साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। और, चुनाव की घोषणा से पहले, सरकार अगले छह माह में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रही है। सीएम ने बिना नाम लिए पूर्व की सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 2017 के पहले सरकारी भर्ती निकलने पर सैफई सिंडिकेट वसूली करने निकल पड़ता था। तब नौजवानों के भविष्य खतरे में पड़ता था। उन्होंने गोरखपुर के गीडा में 500 कारखाने लगने का उल्लेख करते हुए बताता कि इससे अकेले गीडा में 50 हजार नौजवानों को रोजगार मिला और इस क्षेत्र को पलायन से मुक्ति मिली। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने युवाओं के सामने पहचान का संकट भी दूर किया है।

बढ़ेगी पेंशन की धनराशि, संख्या भी बढ़ेगी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्तमान में सरकार 1 करोड़ 10 लाख वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजन को 12 हजार रुपये सालाना पेंशन देती है। जल्द ही पेंशन की धनराशि और लाभार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजन को बड़ा संबल दिया है।

300 लोगों की क्षमता का है कल्याण मंडपम

जंगल नकहा नंबर-2 स्थित कल्याण मंडपम का निर्माण 2461 वर्गमीटर भूमि पर 3.09 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित कल्याण मंडपम दो तल में निर्मित है। यहां 300 लोगों की क्षमता के आयोजन हो सकेंगे। यहां हाल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट बनाए गए हैं। परिसर में मुख्य भवन के सामने एक आकर्षक फव्वारा भी बनवाया गया है। कल्याण मंडपम आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर ही इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर अलग से पर्याप्त पार्किंग का प्रावधान किया गया है। परिसर में लॉन भी विकसित किया गया है। कल्याण मंडपम में लोगों को रियायती दर पर मांगलिक-सार्वजनिक कार्यक्रम करने की सुविधा मिलेगी।

नगर निगम के 115 विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास

जंगल नकहा नंबर-2 स्थित कल्याण मंडपम में मुख्यमंत्री ने 28.91 करोड़ रुपये की लागत वाले नगर निगम के 115 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। ये कार्य विभिन्न कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित हैं। उन्होंने 11.04 करोड़ रुपये आए अधिक के जिन चार कार्यों का लोकार्पण किया उनमें जीडीए की तरफ से बनाए गए कल्याण मंडपम के अलावा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तरफ से कराए गए सड़क व नाली निर्माण के तीन कार्य शामिल हैं।

समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी जब भी गोरखपुर आते हैं, यहां के लोगों को उनके हाथों कुछ न कुछ सौगात जरूर मिलती है। कार्यक्रम में एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह , विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जीडीए बोर्ड के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.