अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कुमाऊं विवि के तीन शोधार्थियों ने हासिल किये प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान

नैनीताल, 23 नवंबर । कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के जंतु विज्ञान विभाग के तीन शोधार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।

उत्तर प्रदेश के बरेली कॉलेज बरेली में 16 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘आईसी बायोसेट-2026’ में तीनों शोधार्थियों ने अपने-अपने सत्र में उत्कृष्ट शोध प्रस्तुतियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किये। सम्मेलन का आयोजन अकादमिक सोसाइटी फॉर लाइफ साइंसेज रिसर्च एंड इनोवेशन तथा बरेली कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों शोधार्थी कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार आर्य के निर्देशन में पीएचडी शोध कार्य कर रहे हैं। सम्मेलन में वर्षा कपकोटी ने ‘सीसीएस डायवर्सिटी एंड सीजनल वेरिएशन ऑफ मिथ इन एंड अराउंड कुमाऊँ यूनिवर्सिटी, नैनीताल’ विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

साथ ही मान्या बिष्ट ने ‘फ्लावर विजिटिंग इंसेक्ट असेंब्लेज एसोसिएटेड विद व्हाइट क्लोवर ट्राइफोलियम रिपेन्स इन डिफरेंट हैबिटैट्स ऑफ नैनीताल डिस्ट्रिक्ट’ विषय पर शोध प्रस्तुति देकर द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, साकिब हुसैन साबरी ने ‘रिसेंट डिस्ट्रीब्यूशनल रिकॉर्ड एंड फील्ड ऑब्जर्वेशन ऑन कॉमन ब्लू अपोलो इन वैली ऑफ फ्लावर्स’ विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

तीनों शोधार्थियों की उपलब्धि पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ (आरडीसी) के निदेशक एवं जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार आर्य, परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत, कुलसचिव प्रो. रितेश शाह, शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. ललित तिवारी और मुख्य कुलानुशासक प्रो. एचसीएस बिष्ट सहित डॉ. दीपक कुमार आर्य एवं डॉ. सीता देवली ने सोमवार को हर्ष व्यक्त करते हुए तीनों शोधार्थियों को बधाई दी।

उन्होंने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताते हुए शोधार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और भविष्य में भी उत्कृष्ट शोध कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.