हरिद्वार, 17 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसादेवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविन्द्रपुरी महाराज ने मां मनसा देवी मंदिर में विशेष पूजा अर्चना कर उन्हें शुभकामनाएं दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। इस दौरान मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को 76 किलो लडूडू का प्रसाद वितरित किया गया।
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के रूप में देश को एक महापुरुष प्रधानमंत्री मिला है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। देश आर्थिक, सामरिक रूप से मजबूत हुआ है। सनातन को विश्व में नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि हिन्दू हृदय सम्राट प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और हिंदू समाज की पांच सौ वर्ष की प्रतीक्षा समाप्त हुई। उन्होंने कहा कि अभी मथुरा बाकी है। समस्त सनातन जगत की आकांक्षा है कि श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्त हो और सनातन के प्रहारी पीएम मोदी के नेतृत्व में जन्म भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण के भव्य मंदिर का निर्माण हो। इस अवसर पर मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, महंत राज गिरी, मंदिर के प्रबंधक महेश दुबे, स्वामी दिव्य आत्मानंद महाराज, विश्वास आनंद महाराज, अमित वालिया सहित बड़ी संख्या में संत महंत और श्रद्धालु मौजूद रहे।