उत्तराखंड हर्षिल एप्पल के नाम से बाजार तक पहुंचेगा हर्षिल का सेब

उत्तरकाशी, 22 सितंबर । हर्षिल क्षेत्र के सेब उत्पादकों को उनके उत्पाद की बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग के लिए इस वर्ष उद्यान विभाग की ओर से विशेष पहल की गई है।

यह पहला अवसर होगा जब हर्षिल के रसीले सेब उत्तराखंड हर्षिल एप्पल की पेटियों में मंडियों तक पहुंचेगें। जिससे इस बार सेब के ठेकेदार मंडियों में उत्तरकाशी के सेब को किसी दूसरे नाम से नही बेच पाएंगे। उद्यान विभाग ने हर्षिल क्षेत्र के आठ वाइब्रेंट गांव के सेब उत्पादकों को सेब की पैकिंग के लिए 50 प्रतिशत छूट के साथ कोरुगेटेड बॉक्स वितरित करने शुरू कर दिए हैं।

प्रदेश में उत्तरकाशी जिले में सेब की सर्वाधिक पैदावार होती है। विशेषकर गुणवत्ता के मामले में हर्षिल क्षेत्र के सेब अव्वल माना जाता है। उद्यान विभाग हर्षिल के सेब को बाजार में अलग और विशिष्ट पहचान दिलाना चाहत है। इस वर्ष किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे पैकिंग बॉक्सों पर विशेष रूप से ‘हर्षिल’ शब्द भी प्रिंट कराया गया है।

इससे पैकिंग के स्तर पर ही उत्पाद की पहचान स्पष्ट होगी और बाजार में हर्षिल के सेब को एक विशिष्ट ब्रांड के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

सहायक उद्यान अधिकारी टीएस पुंडीर ने बताया कि हर्षिल क्षेत्र में उत्पादित सेब की गुणवत्ता को देखते हुए इसे ‘उत्तराखंड हर्षिल एप्पल’ ब्रांड के रूप में व्यापक पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पैकेजिंग पर क्षेत्र का नाम अंकित होने से उपभोक्ताओं तक उत्पाद की पहचान पहुंचाने के साथ स्थानीय स्तर पर उत्पाद की ब्रांड वैल्यू बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। इस पहल से स्थानीय सेब उत्पादकों को अपने उत्पाद को बेहतर तरीके से बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

आकर्षक और व्यवस्थित पैकिंग से सेब की गुणवत्ता को बनाए रखने के साथ उसके विपणन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बताया कि हर्षिल के आठ गांव के ग्रामीण सेब उत्पादक किसान उद्यान सचल दल केंद्र, हर्षिल के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत कोरुगेटेड बॉक्स प्राप्त कर सकते हैं। बताया कि हर्षिल क्षेत्र में सेब को मंडी तक पहुंचाने के लिए एक लाख पेटियों की डिमांड है। जिनमें 50 हजार से अधिक पेटियां बागवानों को वितरित की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.