मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है। यूपी को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सपा-बसपा के सात कार्यकालों के मुकाबले हमारी सरकार ने दोगुने से अधिक नौकरियां दी हैं। हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देकर बेरोजगार नहीं बनाना चाहते, बल्कि रोजगार की गारंटी देना चाहते हैं। गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने केवल राम मंदिर का निर्माण ही नहीं किया, बल्कि रामराज्य की परिकल्पना को भी साकार करके दिखाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव की अपनी रणनीति होती है। भारत विरोधी ताकतों ने एकजुट होकर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया था। तमाम एनजीओ की मदद से संविधान और आरक्षण समेत विभिन्न मुद्दों पर जनता के बीच अफवाहें फैलाई गईं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की बात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भी चाहते हैं कि वह हमारी पिच पर आकर खेलें। दो नावों की सवारी हमेशा नाविक को डुबोती है। हम चाहते हैं कि जनता के बीच जाने से पहले ही वह हमारी पिच पर आएं, इससे उन्हें डुबोने में और मदद मिलेगी।
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, जेन-जी व जेन-अल्फा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पीढ़ी के माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी समेत उनके परिवार के वरिष्ठ सदस्यों ने अराजकता का दौर झेला है। अतीत को भुलाकर बेहतर भविष्य का निर्माण नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 26 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में देश के सर्वाधिक युवा और छात्र हैं। इसके बावजूद यहां जेन-जी, जेन-अल्फा, छात्रों या किसानों का कोई आंदोलन नहीं दिखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यूपी में मात्र 120 स्टार्टअप थे। आज प्रदेश में 25 हजार से अधिक स्टार्टअप हैं। उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा की सात बार सरकार रही। दोनों सरकारों ने मिलकर जितनी नौकरियां दीं, उससे दोगुने से अधिक नौकरियां हमने पिछले साढ़े नौ वर्ष में दी हैं। अपने हाथों से नौजवानों को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं और युवाओं के लिए रोजगार के तमाम अवसर सृजित किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के समय देश की अर्थव्यवस्था में यूपी की हिस्सेदारी 14 फीसदी थी और प्रदेश सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल था। वर्ष 2017 में हमारी सरकार आने तक यह हिस्सेदारी घटकर मात्र सात फीसदी रह गई थी। यूपी बीमारू राज्यों की श्रेणी में खड़ा हो गया था। हमारी सरकार ने इसी ताकत को पुनर्जीवित किया है। आज यूपी में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनसे सवा तीन करोड़ लोगों को सीधे रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि लैंड बैंक, बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षा का माहौल निवेशकों की प्राथमिकता होती है। सरकार बनने के समय प्रदेश की छवि, कानून व्यवस्था, नीतिगत गतिरोध और कनेक्टिविटी की चुनौतियां थीं। अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सभी 75 जनपदों के लिए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। नोएडा, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ आज भी बेहतर औद्योगिक इकोसिस्टम के कारण निवेशकों की प्राथमिकता में हैं। अकेले गोरखपुर में 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें करीब 35 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दस वर्ष पहले जिस प्रदेश में कट्टे और बम बनते थे, आज वहां दुनिया की सबसे अच्छी राइफल और ब्रह्मोस जैसी मिसाइल का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत बहुदलीय लोकतंत्र में विश्वास करता है। प्रत्येक दल को चुनाव लड़ने और गठबंधन बनाने का अधिकार है। ओवैसी हों या उनका गठबंधन, कांग्रेस और सपा हों, ये अलग-अलग लड़ें या गठबंधन में, यूपी की जनता इनकी चाल और चरित्र को जानती है। ओवैसी को मेरे खिलाफ कोई मुद्दा नहीं मिलता होगा। मेरे खिलाफ बोलने से मेरा वोट उनके पक्ष में नहीं जाएगा, लेकिन उनके वोट में सेंध लगाने वाला व्यक्ति उनके लिए चिंता का विषय है। बिहार में सपा एक भी सीट नहीं जीत पाई थी, जबकि ओवैसी ने पांच सीटें जीती थीं। हम ओवैसी का समर्थन नहीं कर रहे हैं। मैंने उन्हें यूपी आने पर बधाई दी है। हम हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मीपुरम बनाकर उन्हें तोहफा जरूर देंगे। केंद्रीय राजनीति में जाने की संभावनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं एक योगी हूं। मुझे यूपी की जिम्मेदारी दी गई। प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की छवि बदलने में सफलता प्राप्त की है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब यूपी की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिवीजन वन स्टेट यूनिवर्सिटी’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ से होती है। यूपी में पहली बार मेडिकल विश्वविद्यालय, आयुष विश्वविद्यालय और खेल विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं।
काशी के बदलते स्वरूप पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रत्येक क्षेत्र में परिवर्तन हुआ है। हम अनायास ही उन्हें नए भारत का शिल्पकार नहीं कहते हैं। काशी प्रधानमंत्री मोदी के अंतःकरण में बसती है। उन्होंने अविनाशी काशी का कायाकल्प किया है। नमो घाट दुनिया का सबसे लंबा और बड़ा घाट होने के साथ ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का मॉडल है। यहां काशी तमिल संगमम का आयोजन भी हो रहा है। क्या किसी ने कल्पना की थी कि काशी विश्वनाथ धाम इतना भव्य होगा, घाट इतने स्वच्छ होंगे, सड़कें इतनी चौड़ी होंगी, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन भव्य स्वरूप लेंगे? काशी अंतर्देशीय जलमार्ग का हिस्सा बनेगी, ज्ञान की प्राचीन स्थली के रूप में अपनी पहचान पुनः स्थापित करेगी और अर्बन रोपवे का पहला मॉडल बनेगी। आज यह सब काशी में देखने को मिल रहा है।