बदलती तकनीक के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, 13 अगस्त । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि उन्हें बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करते हुए ‘फ्यूचर रेडी’ बनना होगा। सरकार भी युवाओं को आधुनिक कौशल एवं नई तकनीकों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

इस दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का केंद्र बनाने, विज्ञान एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में रोजगार की संभावनाओं और देहरादून की यातायात व्यवस्था से जुड़े सवाल मुख्यमंत्री के सामने रखे।

पलायन और रोजगार के सवाल पर धामी ने कहा कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और सौर स्वरोजगार योजना के अलावा पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाकर स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा को लेकर कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे और युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

विज्ञान, तकनीक और एआई के बढ़ते प्रभाव से रोजगार के स्वरूप में हो रहे बदलाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी परिवर्तन के साथ रोजगार के नए अवसर भी सामने आ रहे हैं। सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीक और कौशल से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। युवाओं को केवल पारंपरिक रोजगार के अवसरों तक सीमित रहने के बजाय नई तकनीकों और उभरते क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशनी चाहिए।

देहरादून में यातायात जाम की समस्या के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसके स्थायी समाधान की दिशा में काम कर रही है। बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.