रेलवे की तिरंगा रैली में गूंजा देशभक्ति का संदेश : रेलवे सुरक्षा बल और स्काउट्स-गाइड्स ने निकाली बाइक रैली

काेटा, 13 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रमों की कड़ी में गुरुवार को कोटा मंडल में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर बाइक तिरंगा रैली को रवाना किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक साैरभ जैन ने बताया कि रैली में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों तथा स्काउट्स एवं गाइड्स के 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

बाइक तिरंगा रैली मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रांगण से प्रारंभ होकर रेलवे अस्पताल रोड, रेलवे वर्कशॉप होते हुए पुनः मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान तिरंगे के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह का संदेश दिया गया।

रैली का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना तथा राष्ट्रीय ध्वज के गौरव एवं सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। रेलवे कर्मचारियों एवं सुरक्षा बल के जवानों की सहभागिता ने आयोजन को उत्साहपूर्ण स्वरूप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.