चम्पावत के कानाकोट में बड़ा हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार

चम्पावत, 20 अगस्त । लोहाघाट तहसील के कानाकोट क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व टीम ने दोनों को रेस्क्यू कर एंबुलेंस से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेनॉल्ट कार संख्या यूके 04 R7766 कानाकोट क्षेत्र में सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम चम्पावत के माध्यम से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन ने पुलिस, राजस्व विभाग, फायर टीम, 108 एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग को सक्रिय किया। उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार लोहाघाट को भी घटना की जानकारी दी गई।

स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस और राजस्व कर्मियों ने खाई में उतरकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए लोहाघाट अस्पताल भेजा। मृतकों की पहचान कमल सिंह (लगभग 50 वर्ष) पुत्र रघुवर सिंह, निवासी कानाकोट, तहसील लोहाघाट, चम्पावत और बबलू चौधरी (लगभग 38 वर्ष) पुत्र गंगा चौधरी, निवासी वार्ड नंबर-18, बगही बकुलिया रतनपुर, थाना बैरिया बगाही, पश्चिमी चम्पारण के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिरी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक चम्पावत समेत कुमाऊं मंडल एवं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.