सेवा संकल्प अभियान में मेनन ने विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित

देहरादून, 03 अक्टूबर । भाजपा के उत्तराखंड प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने शनिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत डालनवाला स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से तैयार रंगोली, लेखन प्रतियोगिता और चित्रकला प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

अरविंद मेनन ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों से महापुरुषों के आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं में वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की सोच को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं, बच्चों और आर्थिक रूप से जरूरतमंद वर्गों के कल्याण तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि उन्हें अभी से अनुशासन, संवेदना, सेवा और सहयोग की भावना विकसित करनी चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, आवास सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, पार्षद सुनीता मजखोला, मंडल अध्यक्ष पूनम शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश बर्थवाल, पूर्व पार्षद राकेश मंजखोला सहित शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।——–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.