संविधान को खतरा नहीं, कांग्रेस को अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने की चिंताः राम माधव

देहरादून, 26 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्य प्रभारी राम माधव ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता और सामाजिक न्याय का आधार है। संविधान को कोई खतरा नहीं है, बल्कि कांग्रेस को अपने राजनीतिक अस्तित्व की चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान के नाम पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

राम माधव गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर भाजपा महानगर देहरादून की ओर से दून मेडिकल कॉलेज, देहराखास में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना सहित कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

राम माधव ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में निर्मित भारतीय संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश का राष्ट्रीय मार्गदर्शक है। यह प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने के साथ समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत आधार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की पहल की थी। संविधान कोई राजनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश का गौरव और राष्ट्रीय जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। भाजपा संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राम माधव ने कहा कि आज कांग्रेस संविधान दिवस के अवसर पर संविधान बचाने की बात कर रही है, जबकि संविधान को खतरा नहीं है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान में कई बदलाव किए और संवैधानिक व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संविधान सुरक्षित हाथों में है।

राम माधव ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और विचार राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही सशक्त, समरस और विकसित भारत का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. आंबेडकर का संपूर्ण जीवन सामाजिक समानता, न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि संविधान दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि संविधान के आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों को आत्मसात करने का दिन है।

देहरादून बार काउंसिल के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने समापन संबोधन में अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। बाबा साहेब के समतामूलक और न्यायपूर्ण भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

इस अवसर पर टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, दीप्ति रावत, महापौर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, अधिवक्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.