एशियन वोविनाम चौंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा नैनीताल का सागर अधिकारी

नैनीताल, 26 नवंबर । कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में 24 से 30 नवंबर तक आयोजित हो रही छठी एशियन वोविनाम चौंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए नैनीताल के होनहार खिलाड़ी सागर सिंह अधिकारी कंबोडिया पहुंच गए हैं। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सागर आज से अपने मुकाबलों में उतरेंगे। वह 48 से 51 किलोग्राम फाइटिंग भार वर्ग में भारत की चुनौती पेश करेंगे।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए कंबोडिया रवाना होने से पूर्व भारतीय वोविनाम दल ने नई दिल्ली में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान रक्षा मंत्री ने खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मास्टर प्रवीण गर्ग, महासचिव मास्टर शंकर महाबले और तकनीकी निदेशक देवेन मोइरंगथेम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषिपाल भारती, महासचिव विनोद लखेड़ा तथा उपाध्यक्ष देवेंद्र रावत भी भारतीय दल के साथ मौजूद रहे।

नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ी सागर सिंह अधिकारी का इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय दल में चयन होने पर उनके पिता चंदन सिंह अधिकारी, माता लक्ष्मी देवी, नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के सचिव विनोद वैद्य, योगेंद्र (योगी), विभोर भट्ट, महिला प्रशिक्षक भूमिका बनवाल, मानसी बर्गली सहित क्लब के समस्त पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया है, और उनके चयन को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है, और सागर सहित पूरी भारतीय टीम को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। नगर के खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई है कि सागर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे और नैनीताल के साथ ही उत्तराखंड एवं देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.