भाजपा ने कांग्रेस पर एसआईआर प्रक्रिया बाधित करने का आरोप लगाया

देहरादून, 22 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में बाधा डालने और बीएलओ और पार्टी के बीएलए-2 को धमकाने का आरोप लगाया है। भाजपा का आरोप है कि कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ता अन्य लोगों के साथ मिलकर एसआईआर प्रक्रिया में व्यवधान पैदा कर रहे हैं और बूथों पर बीएलओ और भाजपा के बीएलए-2 को धमकाया जा रहा है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम से मुलाकात कर मामले में शिकायत दर्ज कराई और एसआईआर में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश महामंत्री एवं एसआईआर प्रक्रिया के पार्टी प्रभारी तरुण बंसल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। इसमें सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता बीएलए-1 और बीएलए-2 के रूप में सहयोग कर रहे हैं।

श्री बंसल ने कहा कि एसआईआर एक संवैधानिक प्रक्रिया है और इसमें किसी को भी व्यवधान डालने का अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में मतदाताओं के नाम दो राज्यों में दर्ज होने, मतदाता की मृत्यु होने या स्थानांतरित होने जैसी स्थिति सामने आने पर नियमों के तहत आपत्ति दर्ज कराई गई। इसके बाद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शिकायतकर्ताओं, बीएलओ और भाजपा के बीएलए-2 को धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां सरकारी कार्य में बाधा डालने के समान हैं। यदि इसी तरह का माहौल बना रहा तो सामान्य मतदाताओं के लिए अपना पक्ष रखना मुश्किल हो सकता है।

भाजपा ने चुनाव आयोग से एसआईआर प्रक्रिया में बाधा डालने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया,ताकि स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार की जा सके।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल,अधिवक्ता अरविंद जैन,राजकुमार पुरोहित,हिमांशु संगथानी और करुण दत्ता शामिल रहे।

—-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.