हरिद्वार, 22 अगस्त । रविवार को आयोजित होने वाले मुलतान जोत महोत्सव में देशभर से आए श्रद्धालु हरकी पैड़ी पर मां गंगा से दूध की होली खेलेंगे और जोत प्रवाहित करेंगे। महोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अखिल भारतीय मुलतान संगठन के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नागपाल ने शनिवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव के लिए शहर में तोरण द्वार सजाए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड पाठ,हवन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालु भव्य जुलूस के रूप में हरकी पैड़ी पहुंचेंगे। वहां मां गंगा से दूध की होली खेलने के बाद जोत अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में असम के पूर्व राज्यपाल जगदीश मुखी,भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित कई अतिथि और गणमान्य लोग शामिल होंगे।पत्रकार वार्ता में ओमप्रकाश अरोड़ा, रतनदेव चावला, सतपाल अरोड़ा सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।