उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी आआपा

देहरादून, 21 नवंबर । उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। साथ ही जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा करने की बात कही है। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद शनिवार को देहरादून में पत्रकारों से बातचीत में उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि बैठक में उत्तराखंड के राजनीतिक हालात, संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन को पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का मार्गदर्शन दिया है।

उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सांसद संजय सिंह, जरनैल सिंह और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी सहित पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता उत्तराखंड आएंगे। उनकी जनसभाओं और चुनावी कार्यक्रमों के जरिए पार्टी अपनी नीतियों और विचारों को प्रदेश के सभी क्षेत्रों तक पहुंचाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन में संगठन की मजबूती, जनसेवा के प्रति समर्पण और संबंधित क्षेत्र में सक्रियता को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन मजबूत करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं समझने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.